दिसंबर माह के शुरुवाती हफ्ते मे ठंड और ज़्यादा इज़ाफ़ा हुआ है। हालात यह हैं कि जिले मे स्थित कोसी क्षेत्र में पारा माइनस में चला गया है, वहीं रानीखेत, बिनसर, जागेश्वर और मटेला में भी लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। नगर में भी सुबह के समय पड़ रही जबरदस्त ठंड से लोग परेशान हैं। यहां रात में गिर रहा पाला और सुबह छा रहा कोहरा लोगों की मुसीबत बढ़ा रहा है। लोगों ने ठंड के चलते सुबह और शाम की सैर बंद कर दी है। साथ ही इसका सबसे ज़्यादा असर बाजार में दिखाई दे रहा है। यहां सुबह दुकानें देरी से तो शाम को जल्द बंद होने लगी हैं। रविवार को कोसी क्षेत्र के मटेला का तापमान गिरकर माइनस 0.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं, नगर का न्यूनतम तापमान भी छह डिग्री रहा। गर्म कपड़ों से भी लोगों को अब राहत नहीं मिल पा रही है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव, हीटर आदि का सहारा ले रहे हैं।
