अल्मोड़ा के द्वाराहाट विकास खंड सभागार में क्षेत्र पंचायत समिति (BDC) की महत्वपूर्ण बैठक ब्लॉक प्रमुख डॉ. आरती किशोला की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। जिला प्रशासन की ओर से अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की मौजूदगी ने बैठक को विशेष महत्व प्रदान किया।
बैठक के दौरान पेयजल, विद्युत, सड़क, स्वास्थ्य और अन्य जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर गंभीर मंथन किया गया। ब्लॉक प्रमुख डॉ. किशोला ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को मजबूती से उठाते हुए विभागीय अधिकारियों से ठोस और समयबद्ध कार्रवाई की अपेक्षा जताई। उन्होंने ग्रामीण विकास कार्यों में तेजी लाने पर विशेष बल दिया।अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर समन्वित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण या तकनीकी परीक्षण आवश्यक है, उनमें प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। साथ ही विभागों के बीच बेहतर तालमेल और प्रगति की नियमित समीक्षा पर भी जोर दिया गया, ताकि निर्णय केवल कागजों तक सीमित न रहकर धरातल पर दिखें।पेयजल समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को ग्राम स्तर पर निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग ने लंबित कार्यों की जानकारी साझा की, जिस पर शीघ्र कार्ययोजना बनाकर समाधान करने को कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से महिलाओं के लिए कैंसर स्क्रीनिंग शिविर आयोजित करने तथा एचपीवी वैक्सीनेशन कार्यक्रम की जानकारी दी गई, जिसे सकारात्मक पहल के रूप में सराहा गया।बैठक के दौरान प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच रचनात्मक संवाद का वातावरण बना रहा। जिला प्रशासन की सक्रिय भागीदारी से विभागीय जवाबदेही और विकास कार्यों की गति को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई गई।
