अल्मोड़ा जिले में लगतार हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से चारों तरफ जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। चारों तरफ तबाही मची हुई है। वहीं, जिले के धौलादेवी विकासखंड में भारी बारिश के बाद शनिवार को भूस्खलन होने से प्रसिद्ध झांकरसैम मंदिर की सुरक्षा दीवार ध्वस्त हो गई। साथ ही भूस्खलन होने से एक पेड़ धर्मशाला और पर्यटन विभाग की पार्किंग में गिर गया। धर्मशाला और पार्किंग क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं पर्यटन विभाग के हट को भी नुकसान पहुंचा है। मंदिर में कई भक्त दर्शन के लिए पहुंचे थे। संयोग से कोई भी पेड़ की चपेट में नहीं आया, नहीं तो बड़ी घटना हो सकती थी। सूचना के बाद एसडीएम मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि नुकसान का आंकलन किया जाएगा। कहा कि यहां मौजूद भक्त और मंदिर समिति के लोग सुरक्षित हैं।
