अल्मोड़ा,जनपद में संचालित जल जीवन मिशन के तहत विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर घर तक स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कार्यों में तेजी लाई जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी लंबित परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए और गुणवत्ता मानकों से कोई समझौता न हो।उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को पाइपलाइन बिछाने, जल स्रोतों के विकास और टंकियों के निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। जिन क्षेत्रों में कार्य धीमी गति से चल रहे हैं, वहां विशेष ध्यान देकर कार्यों में तेजी लाने को कहा गया।
बैठक में जलापूर्ति योजनाओं की वर्तमान स्थिति, हर घर जल कनेक्शन की प्रगति और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसके साथ ही, उन्होंने आगामी ग्रीष्मकाल में पेयजल किल्लत से निपटने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार रखने और निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने पर जोर दिया।बैठक के दौरान विभिन्न योजनाओं से जुड़े वनभूमि हस्तांतरण प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
