अल्मोड़ा। रेडक्रास सोसाइटी सितंबर माह में राजकीय इंटर कॉलेज हवालबाग में विशेष जूनियर ट्रेनिंग कैंप आयोजित करेगी। गुरुवार को नगर निगम सभागार में हुई बैठक में इस संबंध में रणनीति बनाई गई। निर्णय लिया गया कि चार दिवसीय कैंप में 30 बच्चे भाग लेंगे, जिन्हें भूकंप, अग्निकांड और आपदा की स्थिति में बचाव कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। रेडक्रास सोसाइटी के अध्यक्ष आशीष वर्मा ने बताया कि यह कैंप पूरी तरह निशुल्क होगा। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों को सिखाना है कि विपरीत परिस्थितियों में किस प्रकार सावधानी से स्वयं और अन्य लोगों की मदद की जा सकती है। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मनोज सनवाल ने कहा कि रेडक्रास सोसाइटी भूकंप, बाढ़, भूस्खलन, आपदा, अग्निकांड और अन्य प्राकृतिक आपदाओं जैसी परिस्थितियों में सक्रिय भूमिका निभाती है। यूथ विंग के जिलाध्यक्ष अमित साह मोनू ने बताया कि बरसात के मौसम में लगातार विभिन्न स्थानों पर आपदाएं आ रही हैं, ऐसे में प्रशिक्षण बेहद जरूरी है।
