रेड क्रॉस समिति के प्रतिनिधियों ने सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा से मुलाकात कर शहर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। सदस्यों ने कहा कि इन कैमरों से अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को बड़ी मदद मिल रही है। रेड क्रॉस ने एसएसपी से आग्रह किया कि शहर के अन्य प्रमुख स्थलों पर भी सीसीटीवी लगाए जाएं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो सके। इस पर एसएसपी ने समिति को आश्वासन दिया कि सुझावों के आधार पर जल्द ही अतिरिक्त कैमरे स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन जनता के सहयोग से शहर को सुरक्षित बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। बैठक में रेड क्रॉस सदस्यों ने पुलिस जवानों के नेगेटिव ब्लड ग्रुप की सूची उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में यह सूची रक्तदान की व्यवस्था करने में सहायक होगी। एसएसपी पींचा ने इस पहल का स्वागत करते हुए सहयोग का भरोसा दिया।बैठक में रेड क्रॉस चेयरमैन आशीष वर्मा, प्रदेश सदस्य मनोज सनवाल, यूथ चेयरमैन अमित साह मोनू, उपाध्यक्ष अभिषेक जोशी, सचिव मनोज भंडारी मंटू समेत कई पदाधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे। रेड क्रॉस की इस पहल की शहरवासियों ने सराहना की है। उनका मानना है कि इससे न केवल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी पुलिस और जनता का समन्वय बढ़ेगा।
