विकासखंड धौलादेवी के खोला, बीना, क्वेटी, बरतोली, चौलेठी और आसपास के गांवों को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की हालत बद से बदतर हो चुकी है। ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत, डामरीकरण, सुरक्षा दीवारों और कलमठों के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर डीएम आलोक कुमार पांडेय के माध्यम से सीएम धामी को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी मनीगर-खोला मार्ग लगभग आठ किलोमीटर लंबा है, लेकिन लगातार बारिश के चलते यह पूरी तरह जर्जर हो गया है। जगह-जगह उखड़ी सड़क और गहरे गड्ढों ने आवागमन को खतरनाक बना दिया है, जबकि किनारों की सुरक्षा दीवारें भी ढह चुकी हैं। जिससे मार्ग पर चलना जोखिमभरा हो गया है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग से कई गांवों की करीब पांच हजार से अधिक की आबादी जुड़ी हुई है। रोजाना लोग इसी खस्ताहाल सड़क से आवागमन करने के लिए मजबूर हैं।
