लगातार हो रही बारिश ने जिले के ग्रामीण इलाकों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सोमवार को भारी बारिश के कारण चार ग्रामीण सड़कों पर मलबा और बोल्डर आ जाने से आवाजाही ठप हो गई। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।प्रभावित सड़कों में वृद्ध जागेश्वर, खैरना-रानीखेत-भूजांग, सतगोड़ी-चामड़ी-कुलस्यारी और तड़ाग-तड़खोला मार्ग शामिल हैं। इन मार्गों पर मलबा आने से कई गांवों का मुख्य सड़कों से संपर्क टूट गया। प्रशासन ने तुरंत जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया। देर शाम तक वृद्ध जागेश्वर को छोड़कर सभी मार्गों पर यातायात बहाल कर दिया गया। हालांकि वृद्ध जागेश्वर मार्ग पर अब भी मलबा जमा होने के कारण आवाजाही बाधित है।
