अल्मोड़ा नगर के मुख्य बाजार में प्रांतीय उद्योग प्रतिनिधि व्यापार मंडल ने महिलाओं की समस्या को देखते हुए उनके के लिए शौचालय बनाने की मांग उठाई है। जिसको लेकर आज दिनांक 24 मई शुक्रवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने नगर पालिका ईओ को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कहा कि अल्मोड़ा की मुख्य बाजार में महिलाओं के लिए एक भी शौचालय नहीं है। जिससे महिला व्यवसायियों और अन्य महिला ग्राहकों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बताया कि पूर्व में भी महिला शौचालय को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। जिससे महिला व्यापारियों में नाराजगी है। उन्होंने जल्द महिला शौचालय का निर्माण कर राहत प्रदान करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में व्यापार मंडल महिला उपाध्यक्ष जया साह, हीरा बिष्ट, किरन पंत, संगीता सूरी, चंद्रा रावत, प्रीति बिष्ट, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष सुशील साह, हेमा वैष्णव, तारा शर्मा आदि शामिल रहे।
