अल्मोड़ा नगर के सौंदर्यीकरण और पर्यटन विस्तार को लेकर उत्तराखंड पर्यटन विभाग के सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने सोमवार को नगर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेयर अजय वर्मा और मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा के साथ सर्किट हाउस से मल्ला महल तक पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। सचिव ने निर्देश दिए कि नगर के बाज़ार को सांस्कृतिक पहचान के मॉडल के रूप में विकसित किया जाए। इसके तहत बिजली–पानी की लाइनों को अंडरग्राउंड करने और सौंदर्यीकरण कार्यों को तेज़ करने पर ज़ोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मल्ला महल को दशहरे तक पर्यटकों के लिए खोलने के निर्देश दिए। साथ ही कैफेटेरिया, लाइट एंड साउंड शो, सीसीटीवी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था शीघ्र पूरी करने को कहा। बैठक में मानसखंड मंदिरमाला मिशन की समीक्षा करते हुए उन्होंने बताया कि कुमाऊँ के मंदिरों का सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं का विकास प्राथमिकता पर किया जा रहा है। इसके साथ ही जिले में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पैराग्लाइडिंग स्थलों की पहचान और विकास की योजना बनाने के निर्देश भी दिए।इस अवसर पर सचिव ने नंदा देवी मंदिर का भी निरीक्षण किया और परिसर के सौंदर्यीकरण संबंधी दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम मेयर अजय वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, तहसीलदार ज्योति नपलच्याल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी प्रकाश खत्री, संस्कृति विभाग के जनमेजय तिवारी, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष अरुण वर्मा सहित कई अधिकारी और स्थानीय गणमान्य मौजूद रहे।
