अल्मोड़ा जिले में पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। सोमवार को छह विकासखंडों – ताकुला, धौलादेवी, ताड़ीखेत, भैंसियाछाना, लमगड़ा और चौखुटिया में चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया पूरी की गई। आयोग की ओर से निर्धारित 40 चुनाव चिह्न का आवंटन अल्फाबेट के हिसाब किया गया। चुनाव कार्यालयों में सुबह से ही प्रत्याशियों की भीड़ देखने को मिली, हर कोई अपने चुनाव चिह्न को लेकर उत्साहित नजर आया। ग्राम पंचायत सदस्यों को पहला और दूसरा चिह्न ‘आम’ और ‘ओखली’, प्रधान पद के प्रत्याशियों को ‘अनाज की बाली’ और ‘अन्नास’, क्षेत्र पंचायत के लिए ‘अनार’ और ‘अंगूठी’, वहीं जिला पंचायत सदस्यों को ‘उगता सूरज’ और ‘कप-प्लेट’ जैसे प्रतीक आवंटित किए गए। चुनाव चिह्न मिलते ही प्रत्याशियों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। देर शाम तक सभी छह विकासखंडों में जिला पंचायत के 72 उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए गए।
