अल्मोड़ा जिले में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को दुरुस्त बनाने के लिए ज़ोरदार अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी देवेंद्र पींचा के निर्देश पर पूरे ज़िले में चेकिंग अभियान तेज़ कर दिया गया है। इसी क्रम में 10 जुलाई 2025 को अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह और सीओ गोपाल दत्त जोशी के पर्यवेक्षण में कोतवाली प्रभारी योगेश चन्द्र उपाध्याय और धारानौला चौकी प्रभारी आनन्द बल्लभ कश्मीरा ने पुलिस टीम के साथ धारानौला क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान नो पार्किंग में खड़े वाहनों और अन्य ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले 30 चालकों पर कार्रवाई करते हुए ₹20,500 का जुर्माना वसूला गया। वहीं, बिना पुलिस सत्यापन के फेरी लगा रहे पांच बाहरी लोगों के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए उन पर भी नकद जुर्माना लगाया गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख़्ती जारी रहेगी और आगामी चुनावों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
