अल्मोड़ा में एलपीजी गैस की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के बीच पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर जनपदभर में गैस गोदामों और एजेंसियों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे तनावपूर्ण माहौल के बीच सोशल मीडिया पर एलपीजी गैस की कमी को लेकर भ्रामक संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों में अनावश्यक चिंता का माहौल बन रहा है।
इसको देखते हुए एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गैस गोदामों और एजेंसियों की जांच करने के निर्देश दिए हैं।अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा बलवंत सिंह और क्षेत्राधिकारी रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में गैस गोदामों और एजेंसियों का निरीक्षण कर स्टॉक, वितरण व्यवस्था और बुकिंग प्रक्रिया की जांच की।
पुलिस ने गैस एजेंसी संचालकों, कर्मचारियों और आम लोगों से संवाद कर स्पष्ट किया कि जनपद में घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रूप से चल रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण न करें।
