अल्मोड़ा। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और सफलता मिली है। कोतवाली अल्मोड़ा और एसओजी की संयुक्त टीम ने 6.20 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत 1,86,000 रुपए बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके द्वारा जनपद में नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक योगेश चंद्र उपाध्याय एवं एसओजी प्रभारी उ0नि0 सुनील धानिक के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा बेस तिराहा के पास चेकिंग की जा रही थी।
चेकिंग के दौरान दीपक सिंह बिष्ट (26 वर्ष) पुत्र गोविंद सिंह बिष्ट निवासी ग्राम स्यालीधार, जनपद अल्मोड़ा को संदिग्ध अवस्था में रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 6.20 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर कोतवाली अल्मोड़ा में मु0अ0सं0-17/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध वर्ष 2024 और 2025 में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक आनन्द बल्लभ कश्मीरा (चौकी प्रभारी धारानौला), कांस्टेबल इरशाद उल्ला (एसओजी) एवं कांस्टेबल हरीश प्रसाद (एसओजी) शामिल रहे।एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
