अल्मोड़ा जिले में शुक्रवार को सुबह से ही पूरा दिन बारिश का सिलसिला जारी रहा। जिसके चलते लोगों का दैनिक कार्य प्रभावित हुए। इसके अलावा मलबा आने से जिले के चार ग्रामीण मार्ग बाधित हो गए। शुक्रवार को सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक बारिश से राहत मिली। इस दौरान लोगों ने जरूरी काम निपटाए। इसके बाद देर शाम तक रुक रुककर बारिश का दौर जारी रहा। इससे बाजार में भी लोगों की आवाजाही काफी कम रही। मुख्यालय के अलावा जिले के अन्य ब्लॉकों में बारिश होने से जनजीवन प्रभावित रहा। बारिश से काश्तकारों को राहत मिली। लोग धान की रोपाई करने के लिए खेतों में दिखाई दिए। इसके अलावा सब्जियों का उत्पादन करने वाले किसानों को राहत मिली। वहीं मलबा आने से जिले के चार ग्रामीण मार्ग बाधित हो गए। इनमें डुंगरा-सिंगोली-तोली, फुवासिमल-बिनौला-कुंज, चमकना-अधे-थात, ध्याड़ी-भनोली सड़क मार्ग शामिल रहे। यातायात बाधित होने से ग्रामीणों का मुख्य सड़क से संपर्क कट गया। हालांकि प्रशासन की ओर से बंद सड़कों को खोलने के लिए जेसीबी भेजी गई हैं। अधिकारियों के मुताबिक बारिश थमते ही मार्ग खोल लिए जाएंगे।
