जौरासी-जैखाल मुख्य मोटर मार्ग की बदहाल हालत से परेशान होकर स्थानीय लोगों का सब्र आखिर टूट गया। सड़क की मरम्मत न होने से नाराज़ ग्रामीणों ने बुधवार को अनोखे तरीके से विरोध दर्ज करते हुए गड्ढों में धान की रोपाई कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ आक्रोश जाहिर किया। यह मुख्य सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। डामर उखड़ चुका है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि चुप्पी साधे हुए हैं। गड्ढों में रोपाई कर विरोध जताने वालों में हरी सिंह रावत, महेश सिंह, पूरन रावत, मदन सिंह, पान सिंह आदि शामिल रहे। खलडुवा नगचुलाखाल ग्रामीण विकास समिति के अध्यक्ष हरी दत्त बलोदी ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस संबंध में पीएमजेएसवाई के कनिष्ठ अभियंता आलोक कुमार ने कहा कि मोटर मार्ग को जल्द सुधारने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और लोगों को जल्द राहत मिलेगी।
