अल्मोड़ा जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आज ताकुला, धौलादेवी, ताड़ीखेत, भैसियाछाना, लमगड़ा और चौखुटिया विकासखंडों की कुल 580 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा। इस चरण में 2,31,189 मतदाता 1956 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। चुनाव प्रचार का शोर थमने के बाद देर रात तक प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने घर-घर जाकर डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाया। ग्राम प्रधान, बीडीसी और जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए मुकाबला दिलचस्प बन गया है। अब देखना होगा कि मतदाता किस प्रत्याशी पर भरोसा जताते हैं और किसे जनसेवा का अवसर देते हैं। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है।
