अल्मोड़ा जिले के 11 ब्लॉकों में से दो ब्लॉकों सल्ट और सोमेश्वर में निर्विरोध चुनाव संपन्न हो गए हैं। सल्ट में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की, जबकि सोमेश्वर में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने बाजी मारी। अब शेष नौ ब्लॉकों में मुकाबला जारी है। इन नौ ब्लॉकों में तीन जगह भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा टक्कर है, जबकि छह ब्लॉकों में त्रिकोणीय मुकाबला बन गया है। जिले की 1160 ग्राम पंचायतों में कुल 391 क्षेत्र पंचायत सदस्य की सीटें हैं। सल्ट और सोमेश्वर में निर्विरोध चुनाव के बाद अब नौ ब्लॉकों में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए 22 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला 314 क्षेत्र पंचायत सदस्य करेंगे। इस चुनावी जंग में अल्मोड़ा कांग्रेस विधायक मनोज तिवारी और रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल सहित कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए प्रत्याशी और समर्थक पूरी ताकत झोंक रहे हैं। कई जगह यह मुकाबला व्यक्तिगत रंजिश का रूप भी लेने लगा है, जिससे ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी की लड़ाई और भी दिलचस्प हो गई है।
