जनपद अल्मोड़ा में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण के तहत मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। मतदान के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी आलोक कुमार पाण्डेय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देवेन्द्र पींचा ने आज सल्ट विकासखंड के दूरस्थ क्षेत्रों पूनाकोट, जालीखान, मौलेखाल समेत विभिन्न पोलिंग बूथों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चुनाव ड्यूटी में तैनात सुरक्षाबलों, जोनल और सेक्टर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं, जिससे मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सके। जनपद के अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी (सीओ) और मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) भी लगातार पोलिंग बूथों का भ्रमण कर सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक निर्देश दे रहे हैं। सभी संबंधित थानाध्यक्ष, जोनल और सेक्टर पुलिस अधिकारी निरंतर भ्रमणशील हैं ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। जिला प्रशासन द्वारा बताया गया कि सभी ब्लॉकों में मतदान शांतिपूर्वक एवं व्यवस्थित रूप से जारी है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है। सुरक्षा और सुचारू मतदान व्यवस्था के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।
