जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देवेन्द्र पींचा के नेतृत्व में चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिस, पीएसी, एसडीआरएफ, फॉरेस्ट, होमगार्ड्स व पीआरडी सहित अन्य बलों की व्यापक ब्रीफिंग की गई। इस अवसर पर लमगड़ा ब्लॉक में आयोजित ब्रीफिंग में सीओ संचार राजीव कुमार टम्टा, निरीक्षक मदन मोहन जोशी, प्रभारी चुनाव सेल, थानाध्यक्ष राहुल राठी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। इसी क्रम में अन्य ब्लॉकों में भी चुनाव ड्यूटी में तैनात जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। ताड़ीखेत ब्लॉक में अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह ने फोर्स को निर्देशित किया। चौखुटिया ब्लॉक में सीओ रानीखेत विमल प्रसाद ने जवानों को ब्रीफ किया। भैसियाछाना ब्लॉक में सीओ अल्मोड़ा गोपाल दत्त जोशी की देखरेख में तैयारी पूरी हुई। सोमेश्वर ब्लॉक में सीएफओ नरेन्द्र कुंवर ने फोर्स को संबोधित किया। वहीं, धौलादेवी ब्लॉक में थानाध्यक्ष जसविन्दर सिंह ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए।
प्रथम चरण के 6 ब्लॉकों में मतदान, सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम-
पहले चरण में भैसियाछाना, धौलादेवी, लमगड़ा, सोमेश्वर, ताड़ीखेत और चौखुटिया ब्लॉकों में मतदान होना है। कुल 649 मतदान केंद्रों के लिए 17 जोन और 48 सेक्टर बनाए गए हैं। लगभग 1300 सुरक्षाकर्मी ड्यूटी पर तैनात किए गए हैं। हर बूथ पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहेगा, वहीं रिजर्व फोर्स को भी तैयार रखा गया है।
