अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज कर जिले में अपनी राजनीतिक पकड़ को और मजबूत कर लिया है। कड़े मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी हेमा गैड़ा ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 4 वोटो से मात देते हुए विजय हासिल की। इस जीत के साथ ही भाजपा ने जिला पंचायत में अपनी स्थिति को सुदृढ़ कर भविष्य के चुनावों के लिए भी सकारात्मक माहौल बना लिया है। आज गुरुवार को हुए मतदान में सुबह से ही उत्साह का माहौल देखने को मिला। दोनों ही दलों के समर्थक बड़ी संख्या में मतदान स्थल के बाहर जुटे रहे। मतदान समाप्त होने के बाद जैसे ही परिणाम घोषित हुआ, जिसमे भाजपा को 24, कांग्रेस को 20 व अन्य को 1 सीट हासिल हुई। वैसे ही भाजपा खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया।
