हरियाली के प्रतीक ‘हरेला पर्व’ के उपलक्ष्य में विवेकानन्द इंटर कॉलेज रानीधारा, अल्मोड़ा व सिविल सोयम वन प्रभाग अल्मोड़ा वन क्षेत्र कोसी रेंज के संयुक्त तत्वाधान में एनटीडी स्थित मृग विहार में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत छात्र-छात्राओं ने पौधारोपण किया। इस पर्यावरणीय पहल की शुरुआत वन क्षेत्राधिकारी दीपक पंत, वन क्षेत्राधिकारी किशोर गोस्वामी, विवेकानन्द इण्टर कॉलेज रानीधारा अल्मोड़ा के प्रधानाचार्य मोहन सिंह रावल और शिक्षक गुरुदेव जोशी, शंकर सिंह बिष्ट, रघुबर जोशी, शंकर सिंह सामन्त व देवेश भट्ट ने संयुक्त रूप से की। कार्यक्रम में विवेकानन्द इण्टर कॉलेज रानीधारा अल्मोड़ा के 77 एनसीसी बटालियन के 50 कैडेट्स ने भी भागीदारी निभाई। सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने मृग विहार परिसर में सैकड़ों पौधे लगाए। इस अवसर पर प्रधानाचार्य मोहन सिंह रावल ने वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वृक्ष सिर्फ शुद्ध वायु ही प्रदान नहीं करते, बल्कि पर्यावरण को भी संतुलित रखते हैं। वृक्षों की अधिकता से ही भूमिगत जल स्तर में वृद्धि होती है और मृदा कटाव को रोका जा सकता है। इसके अलावा वन्य जीवों को आश्रय मिलता है और जैव विविधता को बढ़ावा मिलता है।
