अल्मोड़ा।अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित और निस्तारित शिकायतों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।एडीएम युक्ता मिश्र ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतें शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं, इसलिए इनके निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें।उन्होंने यह भी कहा कि कई मामलों में शिकायतों का समय पर निस्तारण नहीं होने से वे अनावश्यक रूप से लंबित रह जाती हैं, जो गंभीर विषय है। ऐसे मामलों में विभागों को जवाबदेही तय करते हुए त्वरित कार्रवाई करनी होगी।एडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका समाधान किया जाए।
साथ ही शिकायतकर्ता से फोन पर संपर्क कर समस्या की वास्तविक स्थिति को समझने के भी निर्देश दिए गए।बैठक में उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जैंती/भनोली की एसडीएम सौम्या गर्ब्याल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि कई अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
