अल्मोड़ा महिला कल्याण संस्था की संरक्षिका मीता उपाध्याय को प्रतिष्ठित “तीलू रौतेली पुरस्कार” से सम्मानित किए जाने पर संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। वक्ताओं का कहना था कि यह पुरस्कार केवल मीता उपाध्याय का व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे संगठन और उन तमाम महिलाओं की उपलब्धि है, जिनके लिए वे निरंतर कार्यरत हैं। मीता उपाध्याय ने अपने मार्गदर्शन और समर्पण से महिला शिक्षा, स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता, जागरूकता और सशक्तिकरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके प्रयासों ने असंख्य महिलाओं के जीवन को नई दिशा दी है। संस्था की अध्यक्ष रीता दुर्गापाल ने कहा कि यह सम्मान उनकी अथक मेहनत और सेवा भाव की पहचान है तथा समाज में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रही महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है। इस अवसर पर संस्था की उपाध्यक्ष चंद्रा अग्रवाल, सचिव पुष्पा सती, सुनैना मेहरा, गीता साह, मंजू जोशी, शांति शाह, अंजू अग्रवाल, अनुराधा अग्रवाल, ममता चौहान, आशा कर्नाटक, आशा पंत, अनीता रावत, रमा जोशी, राधिका जोशी, रेखा चौहान, दीपा सतीश जोशी, दीपा जोशी, सरला बिष्ट, आदिति अग्रवाल, मंजू रावत सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
