अल्मोड़ा जिले स्थित मेडिकल कॉलेज के अधीन बेस अस्पताल में बीते दिनों हुई बारिश के चलते अस्पताल प्रबंधन की दिक्कत बढ़ गयी है। बारिश से सुरक्षा दीवार के गिरने का खतरा बढ़ा तो वार्ड को बंद कर यहां भर्ती मरीजों को शिफ्ट करना पड़ा है। वहीं, माइक्रोबायोलॉजी लैब में मलबा और बारिश का पानी घुसने से खासा नुकसान हुआ है। लैब में हर रोज कई तरह की जांचें होती हैं। इसके लिए सैंपल सुरक्षित रखे जाते हैं। यदि मलबा और पानी भीतरी कक्ष में पहुंचता को सैंपल खराब हो जाते इससे जांच प्रभावित होती। लैब और अस्पताल प्रबंधन ने मौके पर पहुंचकर मलबा और बारिश के पानी को भीतरी कक्ष में पहुंचने से रोका। इधर, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीपी भैंसोड़ा ने कहा कि लैब में मलबा और पानी घुस गया। सुरक्षा के इंतजाम कर लिए गए हैं। अब लैब सुरक्षित है। जांच प्रभावित नहीं हुई।
