अल्मोड़ा पुलिस की महिला आरक्षी ममता खाती ने अमेरिका के बर्मिंघम (अलबामा) में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2025 में भारत का परचम लहराते हुए कुल 6 पदक अपने नाम किए। 27 जून से 7 जुलाई तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उन्होंने एथलेटिक्स इवेंट्स में 1 स्वर्ण और 5 रजत पदक सहित कुल 6 पदक जीते। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 70 से अधिक देशों के लगभग 8500 खिलाड़ियों ने भाग लिया। जिसमें जनपद अल्मोड़ा पुलिस लाइन में नियुक्त महिला आरक्षी ममता खाती ने एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश, राज्य और उत्तराखंड पुलिस व जनपद पुलिस का मान बढ़ाया है। एसएसपी देवेंद्र पींचा ने ममता को इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
