ताड़ीखेत–रामनगर स्टेट हाईवे पर शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। अनियंत्रित कार खाई में गिरने से 87 वर्षीय बुजुर्ग कुशाल सिंह रौतेला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला यात्री अनुराधा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के वक्त कार में चार लोग सवार थे, जिनमें चालक और एक अन्य युवक सुरक्षित बच निकले। जानकारी के अनुसार ऐराड़ी निवासी लाखन सिंह बिष्ट अपनी कार (नंबर यूके 19 4895) से ताड़ीखेत जा रहा था। उसके साथ गांव के ही बुजुर्ग कुशाल सिंह रौतेला भी बैठे थे। रास्ते में करन रजौरिया नामक युवक भी कार में सवार हो गया। गनियाद्योली कस्बे में पहुंचने पर सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की प्रशिक्षक अनुराधा ने भी लिफ्ट ली। हाइडिल कॉलोनी से पहले तीखे मोड़ पर चालक लाखन कार से नियंत्रण खो बैठा। अचानक वाहन सड़क से फिसलकर लगभग सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग कुशाल सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं अनुराधा को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला और 108 आपातकालीन सेवा की मदद से सीएचसी ताड़ीखेत पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय रेफर किया गया।हादसे का कारण ढलान पर ब्रेक न लग पाना माना जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
