अल्मोड़ा जिले में एक शातिर ठग द्वारा सीमेंट डीलर बनकर लाखों की ठगी करने का मामला सामने आया है। हालांकि, पुलिस की तत्परता से पीड़ित को पूरी रकम वापस मिल गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 09 अक्टूबर 2024 को थाना दन्या क्षेत्र निवासी ठेकेदार दिलीप सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर स्वयं को “शर्मा जी” बताते हुए सिकन्दराबाद (बुलंदशहर) स्थित एक सीमेंट कंपनी का मार्केटिंग मैनेजर बताया।
आरोपी ने भरोसा जीतकर सीमेंट सप्लाई के नाम पर ₹5,20,000 की ठगी कर ली।शिकायत के आधार पर थाना दन्या में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देश पर पुलिस व साइबर टीम गठित की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह और सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष दन्या दिनेश नाथ महंत व साइबर सेल/एसओजी टीम ने तकनीकी जांच और सघन खोजबीन के बाद आरोपी को ट्रेस कर लिया। पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल जाकर आवश्यक कार्रवाई की।
जांच के दौरान आरोपी अंकित चौधरी उर्फ “शर्मा जी” (उम्र 21 वर्ष), निवासी कोलकाता, पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में आरोपी ने ठगी की बात स्वीकार की, जिसके बाद पीड़ित ठेकेदार को पूरी ₹5.20 लाख की रकम वापस दिलाई गई।इस सफल कार्रवाई के बाद ठेकेदार दिलीप सिंह ने अल्मोड़ा पुलिस और साइबर टीम का आभार जताया
