अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में विधानसभा सोमेश्वर एवं जागेश्वर क्षेत्र के अंतर्गत मुख्यमंत्री द्वारा 04 जुलाई 2021 से अब तक की गई घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रगति पर चल रहे कार्यों की अद्यतन जानकारी नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड करने और गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की लगातार निगरानी की जाए और कार्यों में आ रही बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित प्रारूप में समय से अद्यतन सूचनाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि उच्च स्तर की बैठकों में सटीक जानकारी प्रस्तुत की जा सके।बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा अपनी-अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक, ग्राम्य विकास अभिकरण केएन तिवारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
