अल्मोड़ा : जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में विधानसभा क्षेत्र सल्ट, सोमेश्वर, जागेश्वर एवं रानीखेत के अंतर्गत मुख्यमंत्री द्वारा 04 जुलाई 2021 से अब तक की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री घोषणाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में हैं, अतः इनके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता या विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।
उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने और प्रगति पर चल रहे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि कार्यों की अद्यतन स्थिति नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड की जाए, ताकि उच्च स्तर पर सटीक जानकारी उपलब्ध हो सके।
साथ ही योजनाओं की गुणवत्ता बनाए रखने और उनका लाभ आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।जिलाधिकारी ने परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा कार्यों में आ रही बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। सभी विभागों को निर्धारित प्रारूप में समय से अद्यतन सूचनाएं उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
