अल्मोड़ा। लमगड़ा ब्लॉक में निजी विद्यालयों द्वारा अभिभावकों से मनमाने तरीके से शुल्क वसूले जाने के विरोध में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कई विद्यालय प्रवेश के नाम पर अवैध फीस वसूल रहे हैं और अभिभावकों पर ड्रेस, कॉपी और किताबें विद्यालय से ही खरीदने का दबाव बनाया जा रहा है।पूर्व छात्र महासंघ अध्यक्ष वरुण कपकोटी ने कहा कि इस तरह की मनमानी से अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में कई विद्यालय बिना मान्यता के संचालित हो रहे हैं और बार-बार शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे विद्यालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, योग्य शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए और विद्यालयों में एनसीईआरटी पाठ्यक्रम लागू कराया जाए।
ज्ञापन देने वालों में संगठन मंत्री मनीष राय, राहुल कनवाल, रोहित कुमल्टा, करण बिष्ट, दीपक लोहनी, जया और लक्ष्मी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
