अल्मोड़ा : कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने आज अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा तथा अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने उनका स्वागत किया।निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कलेक्टर कोर्ट में लंबित वादों की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मामलों के निस्तारण में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी को अधीनस्थ न्यायालयों में चल रहे वादों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने रिकॉर्ड रूम का भी निरीक्षण किया और अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने बहुमूल्य एवं ऐतिहासिक दस्तावेजों के संरक्षण तथा अभिलेखों के डिजिटलीकरण की प्रक्रिया को गति देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी बस्तों पर वर्षवार स्टीकर चस्पा किए जाएं, ताकि अभिलेखों को ट्रेस करना आसान हो सके। आजादी से पूर्व के अभिलेखों को अलग से सुरक्षित रखने की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने आमजन को प्रदान की जा रही सेवाओं की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों को सरकारी सेवाएं त्वरित, पारदर्शी एवं जवाबदेह तरीके से उपलब्ध कराई जाएं तथा अनावश्यक देरी से बचा जाए। जनसेवा में संवेदनशीलता बनाए रखने पर भी उन्होंने बल दिया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार समेत अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
