अल्मोड़ा नगरवासियों को जल्द ही संकरी सड़कों से राहत मिलने वाली है। नेशनल हाईवे विभाग (एनएच) ने करबला से पांडेखोला तक करीब सात किलोमीटर लंबी सड़क को टू-लेन बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। सड़क चौड़ीकरण के लिए सर्वे पूरा कर लिया गया है और पहले चरण में सड़क की एलाइमेंट भी तय कर दी गई है। अब चौड़ीकरण की सीमा में आने वाले भवनों पर लाल निशान लगाने का काम शुरू हो गया है। फिलहाल यह सड़क महज 6 से 7 मीटर चौड़ी है, जिसे बढ़ाकर 12 मीटर किया जाएगा। एनएच का कहना है कि यह कार्य आम सहमति के बाद ही किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी न हो। शहर में संकरी सड़कों के कारण रोजाना लगने वाले जाम से वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को खासी दिक्कत होती है। सुबह-शाम का समय तो खासतौर पर बेहद चुनौतीपूर्ण हो जाता है। सड़क के चौड़ी होने से न सिर्फ नगरवासियों को राहत मिलेगी, बल्कि बाहर से आने वाले पर्यटकों और यात्रियों को भी सुविधा होगी।
