अल्मोड़ा,। जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में जिला अस्पताल एवं बेस अस्पताल में संचालित ब्लड बैंकों के सुदृढ़ संचालन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्लड बैंकों की कार्यप्रणाली, संसाधनों और रक्त की मांग-आपूर्ति की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ब्लड बैंकों का संचालन प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए और जरूरत के अनुसार पर्याप्त रक्त स्टॉक बनाए रखा जाए, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
उन्होंने मरीजों को समय पर और सहज रक्त उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।उन्होंने रेड क्रॉस सोसाइटी के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में रेयर ब्लड ग्रुप वाले दाताओं का अद्यतन रिकॉर्ड तैयार करने तथा ब्लड उपलब्धता की जानकारी पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।इस दौरान प्रिंसिपल राजकीय मेडिकल कॉलेज, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, रेड क्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
