सुरक्षित दवा, सुरक्षित जीवन अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को लमगड़ा तहसील के मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया। इस दौरान एक मेडिकल स्टोर में बीपीपीआई मानकों का पालन न होने और बिना फार्मासिस्ट के संचालन पाए जाने पर वहां दवाओं की बिक्री रोक दी गई। टीम ने स्टोरों में एक्सपायरी दवाओं की जांच की और संचालकों के लाइसेंस भी परखे। प्राधिकरण की सचिव शचि शर्मा ने बताया कि कई दुकानों पर एक्सपायरी बॉक्स और सीसीटीवी कैमरे नहीं पाए गए। संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे एक्सपायरी दवाओं के लिए अलग बॉक्स बनाएं, ग्राहकों को बिल दें और सुरक्षा के लिए कैमरे लगाएं। इसके अलावा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जलना में एक विधिक जागरूकता शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में छात्र-छात्राओं को एक्सपायरी दवा के दुष्प्रभाव, सुरक्षित दवा के उपयोग और निशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई।
