अब मुसीबत के वक़्त लोगों को सहायता के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।द्रुत एप में मौजूद पैनिक बटन के एक क्लिक पर उनको फौरन मदद दिलाने का काम किया जाएगा। उत्तराखंड में लोगों की मदद के लिए द्रुत एप (Drut App) लांच किया गया है। द्रुत एप में मौजूद पैनिक बटन दबाते ही अब नजदीकी तीन होमगार्ड लोगाें की मदद के लिए पहुंचेंगे। आज दिनांक 04 जनवरी गुरुवार को नगर स्थित चौघानपाटा में आम जनमानस और खासतौर पर महिलाओं और बालिकाओं को द्रुत ऐप के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से होमगार्ड कमांडेंट नितिन काकेरवाल के निर्देशन पर होमगार्ड जवानों ने चौघानपाटा में कैंप लगाया गया। इस कैंप के दौरान महिलाओ, बालिकाओं समेत अन्य लोगों को द्रुत के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही 150 से ज़्यादा लोगों ने अपना पंजीकरण कराया। कैंप में मौजूद होमगार्ड जवान हरीश राम ने बताया कि लोगों की मदद के लिए द्रुत एप लांच किया गया है। लोगों को सहायता के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। इस ऐप के माध्यम से आसपास घटने वाली घटनाओं, दुर्घटनाओं, आपदा समेत अपराधों को रोकने में मदद मिल सकेगी। साथ ही क्राइम स्पॉट पर पहुंचना आसान हो जाएगा। इसके अलावा भी इस एप में कई फीचर मौजूद हैं, जिससे व्यक्ति पैनिक बटन दबाकर अपनी लोकेशन सभी होमगार्ड को भेज सकता है। जिसकी मदद से उस दायरे में मौजूद होमगार्ड तुरंत अपनी मदद पीड़ित तक पहुंचा सकते हैं। इस मौके पर होमगार्ड हरीश राम आर्या, दीपक गोस्वामी, राजेंद्र सिंह समेत अन्य होमगार्ड मौजूद रहे।
