जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से लोगों की दिक्कतें और बढ़ गई हैं। मुख्य जिला मार्ग जालली-मासी पर अब तक यातायात पूरी तरह से ठप है। मार्ग पर आए मलबे और बड़े-बड़े बोल्डरों को हटाने का काम अभी शुरू नहीं हो पाया है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा जिले की पांच ग्रामीण सड़कों पर भी बारिश के कारण मलबा और पत्थर गिरने से यातायात बंद हो गया है। सड़कें बंद होने से ग्रामीण इलाकों का मुख्य मार्गों से संपर्क टूट गया है। आवश्यक कार्यों के लिए लोगों को लंबे चक्कर काटकर दूसरे रास्तों से आवाजाही करनी पड़ रही है।
