अल्मोड़ा जिले में बुधवार को नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में हुई झमाझम बारिश होने से जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी और उमस से आखिरकार लोगों को राहत मिली है। वहीं, बारिश के कारण मुख्यालय में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। इससे लोगों को बिजली से जुड़े जरूरी काम प्रभावित हुए। बुधवार को सुबह से आसमान में हल्के बादल छाए रहे। दोपहर तक पारा 30 डिग्री तक पहुंच गया। गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे। दोपहर बाद आसमान में बादलों का जमावड़ा लगना शुरू हुआ। करीब डेढ़ बजे नगर के एक हिस्से में बोछार के साथ पांच मिनट बारिश हुई। कुछ देर की बारिश से लोगों को मासूसी मिली, लेकिन साढ़े तीन बजे एक बार फिर गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। इस बार बारिश इतनी तेज थी कि नगर की सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। बिना तैयारी को बाजार पहुंचे लोगों को सिर छुपाने के लिए दुकानों की शरण लेनी पड़ी। साथ ही गर्मी झेल रहे लोगों को काफी राहत मिली।
