ग्रीन हिल्स ट्रस्ट के तत्वावधान में मंगलवार को रेमजे विद्यालय के सभागार में “अल्मोड़ा की सांस्कृतिक धरोहर” विषय पर पोस्टर प्रदर्शनी प्रतियोगिता आयोजित की गई। यह कार्यक्रम आगामी अल्मोड़ा लिटरेचर फेस्टिवल-2025 की पूर्व गतिविधियों का हिस्सा रहा। प्रतियोगिता में नगर के 30 विद्यालयों से आए लगभग 175 विद्यार्थियों ने भाग लिया। बच्चों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से लोककला, पारंपरिक परिधान, पर्व-त्योहार, स्थापत्य शैली, संगीत और हस्तशिल्प जैसे पहलुओं को बड़ी ही खूबसूरती से चित्रित किया। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य बच्चों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना और उनकी कलात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना था।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रख्यात चित्रकार खुर्रम अमीर ने बच्चों की कला को सराहा और कहा कि , “इन चित्रों में बच्चों की सांस्कृतिक समझ, कल्पनाशक्ति और भावना एक साथ झलकती है। यह कार्य केवल कलात्मक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक दस्तावेज की तरह है।” इस प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल के सदस्यों में जीत उपाध्याय, जगमोहन आगरी, हर्ष साह शामिल थे | जूनियर, सब-जूनियर और सीनियर वर्गों में प्रतिभागियों ने अपनी कृतियों की थीम पर विचार भी प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के परिणाम 10 से 12 अक्टूबर को मल्ला महल में आयोजित होने वाले अल्मोड़ा लिटरेचर फेस्टिवल-2025 के मंच से घोषित होंगे। कार्यक्रम का आयोजन अनोखे लाल एंड संस तथा हिमालय डेंटल केयर के सहयोग से संपन्न हुआ।
