जनपद दौरे पर आज शुक्रवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह अल्मोड़ा पहुंचे। उनके यहां पहुंचने पर जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा और मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी द्वारा सर्किट हाउस में उनका स्वागत किया गया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने यहां जिला प्रशासन के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद के मुद्दों को लेकर विचार विमर्श किया। इस दौरान राज्यपाल ने जनपद के विकास और समृद्धि को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय द्वारा पीपीटी के माध्यम से राज्यपाल को जनपद में किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों एवं उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण दिया गया। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा ने भी पुलिस विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं नशे के विरुद्ध की जा रही कार्यवाही सेम अन्य कार्यों का प्रस्तुतीकरण दिया गया।राज्यपाल ने जिला प्रशासन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस दिशा में लगातार कार्य किए जाएं। लोगों को स्वरोजगार से जोड़ा जाए जिससे उनकी आर्थिकी में लाभकारी बदलाव आए। जनपद में नशीले पदार्थों की आपूर्ति करने वाले तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाए तथा अल्मोड़ा को नशा मुक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जाएं।
दीदी की रसोई का किया शुभारंभ-
इसके पश्चात राज्यपाल ने दीदी की रसोई वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दीदी की रसोई के नाम से संचालित यह वाहन चलती फिरती कैंटीन है। इस चलती फिरती कैंटीन का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाएं करेंगी, जिसमें खाना, स्नैक्स तथा फास्ट फूड उपलब्ध रहेगा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्राम्य विकास विभाग तथा हिमोत्थान (रीप) परियोजना के माध्यम से इस चलती फिरती दीदी की रसोई का वित्त पोषण किया गया है। इसके माध्यम से नॉन फॉर्मिंग गतिविधियों में महिलाओं की आजीविका बढ़ाने का प्रयास किया गया है।महामहीम राज्यपाल द्वारा समूह की महिलाओं के प्रयास को सराहा गया । इस प्रयास के लिए उन्होंने जिला प्रशासन को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
