
अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट ब्लॉक में छात्र संख्या शून्य होने से बंद हो चुके प्राथमिक विद्यालय भंटी में अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर स्कूल में रखा सामान चुरा लिया। साथ ही यहां कुछ मजदूरों का रखा सामान भी लेकर फरार हो गए। इस बारे में जानकारी देते हुए ग्राम प्रधान प्रकाश चंद्र ने बताया कि छात्रसंख्या शून्य होने से विद्यालय बंद हो चुका है, इसमें मजदूरों को रखा गया था।
इस विद्यालय में आंगनबाड़ी केंद्र संचालित होता है। चोरों ने इसके ताले तोड़कर मजदूरों के औजार सहित अन्य सामान चुरा लिया। ग्राम प्रधान प्रकाश चंद्र ने कहा कि पूर्व में भी क्षेत्र में इस तरह की घटना सामने आ चुकी है।
साथ ही राजस्व उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि विद्यालय पूर्व में बंद हो चुका है। यहां बगैर अनुमति के मजदूरों को रखा गया था, जो गलत है। इस मामले की भी जांच होगी। मजदूर किसकी अनुमति से यहां रह रहे थे, राजस्व पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।