अल्मोड़ा। जनपद में सघन वाहन चेकिंग अभियान के तहत नाबालिग को स्कूटी देना वाहन स्वामी को भारी पड़ गया। यातायात पुलिस ने स्कूटी सीज करते हुए वाहन स्वामी के विरुद्ध 25 हजार रुपये का कोर्ट चालान किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जिलेभर में लापरवाह वाहन चालकों, रेस ड्राइविंग करने वालों तथा नाबालिगों को वाहन उपलब्ध कराने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
प्रभारी इंटरसेप्टर उपनिरीक्षक सुमित पाण्डे और यातायात पुलिस टीम द्वारा सिकुड़ाबैंड-धारानौला क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।चेकिंग के दौरान एक नाबालिग को तेज रफ्तार से स्कूटी चलाते हुए पकड़ा गया। मौके पर उसके अभिभावक (पिता) को बुलाकर काउंसलिंग की गई तथा नाबालिग को सकुशल सुपुर्द किया गया।
साथ ही वाहन को सीज कर वाहन स्वामी के खिलाफ 25,000 रुपये का कोर्ट चालान किया गया।अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 30 अन्य वाहन चालकों के विरुद्ध भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन न सौंपें और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें।
