अल्मोड़ा,— जनपद अल्मोड़ा में गैस सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति और सुव्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने के लिए जिला पूर्ति कार्यालय ने नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत अब वितरण केंद्रवार उपभोक्ताओं की सूची और रोस्टर तैयार किया गया है, जिसके अनुसार प्रतिदिन निर्धारित केंद्रों पर गैस सिलेंडर वितरित किए जाएंगे।जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक वितरण केंद्र पर उपभोक्ताओं की सूची एक दिन पहले ही चस्पा कर दी जाएगी।
सूची में शामिल उपभोक्ताओं को ही निर्धारित क्रम में गैस दी जाएगी, जबकि अन्य लोगों से अनावश्यक भीड़ न लगाने की अपील की गई है।यदि किसी उपभोक्ता का नाम सूची में होने के बावजूद गैस उपलब्ध नहीं हो पाती है, तो उसे अगले दिन प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर दिया जाएगा।
साथ ही गैस बुकिंग के 10 दिनों के भीतर सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था तय की गई है।डीएसी (DAC) प्राप्त न होने की स्थिति में उपभोक्ताओं से अपनी संबंधित गैस एजेंसी में मोबाइल नंबर और पता अपडेट कराने को कहा गया है।प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि वितरण केंद्रों पर अव्यवस्था या अशांति फैलाने वालों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
👉 जनसामान्य से अपील की गई है कि व्यवस्था का पालन करते हुए सहयोग करें, ताकि गैस वितरण प्रक्रिया सुचारु रूप से चल सके।
