अल्मोड़ा जिले में आखिरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के हौसले ने जवाब दे दिया है। 18 हजार मानदेय, विद्यालयों की तरह आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश सहित सात सूत्रीय मांगों को लेकर आज दिनांक 26 जनवरी सोमवार को जिले भर की तीन हजार से ज़्यादा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जिला मुख्यालय में गरजीं। बड़ी संख्या में जिला मुख्यालय पहुंचकर उन्होंने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नगर में महारैली निकाली। उन्होंने कहा कि उनकी मांगों पर गौर नहीं किया जा रहा, अब आर-पार की लड़ाई होगी। चेतावनी देते हुए कहा मांग पूरी होने तक वे काम पर नहीं लौटेंगी। उनके कार्य बहिष्कार से जिले भर के 1860 आंनबाड़ी केंद्रों में ताले लटक गए हैं और इनमें पढ़ने वाले सात हजार से अधिक बच्चे घरों में रहने के लिए मजबूर हैं।
