अल्मोड़ा जिले में बीते दिनों हुई लगातार बारिश के बाद भी सल्ट के लोगों की पानी की समस्या दूर नहीं हो सकी। सल्ट के मौलेखाल, शशीखाल, तहसील चौक, कुन्हील, खुमाड़, जालीखान, कबराढैय्या, हिनौला, देवायल, घचकोट, थलमाड़, भ्याड़ी, झड़गांव सहित 50 गांवों की प्यास बुझाने वाली कोटेश्वर-शशीखाल योजना बिजली आपूर्ति बाधित होने से शोपीस बनी है। छह दिन बाद भी योजना से जलापूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। क्षेत्र की 15 हजार से अधिक की आबादी प्राकृतिक जल स्रोतों की दौड़ लगाकर पानी का प्रबंध कर रही है। बिजली कटौती के चलते दूसरी पेयजल योजना गुलार से भी जलापूर्ति नहीं हो रही है। इससे लोगों की दिक्कत बढ़ गई है।
