अल्मोड़ा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, इजरायल सहित खाड़ी देशों में बढ़ते वैश्विक तनाव के बीच सोशल मीडिया पर पेट्रोलियम एवं एलपीजी गैस की आपूर्ति बाधित होने संबंधी भ्रामक सूचनाएं प्रसारित हो रही हैं।
जिला प्रशासन अल्मोड़ा ने इन सूचनाओं को निराधार बताते हुए नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।इस संबंध में जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में जिला पूर्ति विभाग व संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में घरेलू गैस (एलपीजी) की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के प्रावधानों के अनुसार सिंगल गैस सिलेंडर कनेक्शन की दूसरी बुकिंग के बीच न्यूनतम 25 दिन का अंतर निर्धारित है।
उपभोक्ता फोन या ऑनलाइन माध्यम से बुकिंग करने के बाद ही डिलीवरी मैन के माध्यम से रिफिल प्राप्त कर सकते हैं।जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों के लिए निर्बाध रूप से सुनिश्चित की जा रही है, ताकि आवश्यक सेवाओं के संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस आपूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर पर घरेलू गैस सिलेंडरों की जमाखोरी या कालाबाजारी न होने दी जाए। इसके लिए जनपद स्तर पर एक क्विक रिस्पांस टीम (QRT) भी गठित की गई है, जो गैस आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था पर लगातार नजर रखेगी और किसी भी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करेगी।इसके अलावा किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने आपातकालीन कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है।
गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायत दर्ज कराने या सूचना देने के लिए कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 05962-237875, 05962-237874 तथा मोबाइल नंबर +91 79004 33294 जारी किए गए हैं।जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि पूरी होने के बाद ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें, गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और घबराहट में आकर अनावश्यक बुकिंग न करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और नागरिकों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
