अल्मोड़ा नगर में प्रशासन और मीडिया के बीच सौहार्द और आपसी समन्वय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सद्भावना क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। जिसमेअपना शानदार प्रदर्शन करते हुए डीएम इलेवन ने मीडिया इलेवन को 5 विकेट से पराजित किया। मुकाबला बारिश के कारण बाधित रहा और परिणाम डकवर्थ-लुईस विधि के आधार पर घोषित किया गया। टॉस जीतकर बल्लेबाजी का निर्णय लेने वाली मीडिया इलेवन की टीम ने कप्तान मुकेश सक्टा की दमदार पारी की बदौलत निर्धारित बीस ओवर में 125 रन बनाए। जवाबी कार्रवाई के लिए उतरी डीएम इलेवन टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन डीएम आलोक कुमार पांडेय और सागर बिष्ट ने अच्छी पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। डीएम इलेवन की ओर से सागर बिष्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 51 रन बनाए और 2 विकेट भी झटके, जो टीम की जीत में निर्णायक साबित हुए। ज़िलाधिकारी आलोक पांडेय ने भी योगदान देते हुए 19 रन बनाए। वहीं मीडिया इलेवन के कप्तान मुकेश सकटा ने नाबाद 50 रन की उम्दा पारी खेली। गेंदबाज़ी में मोहित अधिकारी ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए 2 विकेट चटकाए। मैच के अंत में प्लेयर ऑफ़ द मैच का खिताब संयुक्त रूप से सागर बिष्ट और मुकेश सक्टा को दिया गया। प्रशासन और मीडिया के मध्य इस मैच को आईसीआईसीआई बैंक द्वारा प्रायोजित किया गया।
