अल्मोड़ा में डीनापानी खेल मैदान के विस्तारीकरण एवं विकास की संभावनाओं को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मंगलवार को स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मैदान के समग्र विकास, विस्तारीकरण तथा भविष्य की आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि डीनापानी खेल मैदान को मानक अनुरूप एवं आधुनिक क्रिकेट मैदान के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत क्रिकेट फील्ड के विकास के साथ खिलाड़ियों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि स्थानीय युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकें।निरीक्षण के दौरान मैदान के आसपास उपलब्ध भूमि का भी आकलन किया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विस्तारीकरण हेतु उपलब्ध भूमि का पूर्ण एवं तथ्यात्मक मूल्यांकन किया जाए। साथ ही राजस्व भूमि का स्पष्ट चिन्हांकन कर यह सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में पार्किंग, पवेलियन, दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों के विश्राम कक्ष, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के निर्माण के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो।
डीएम अंशुल सिंह ने बताया कि खेल अधोसंरचना के विकास के लिए खेल मंत्रालय के साथ-साथ बीसीसीआई एवं आईसीसी से सहयोग की संभावनाओं पर भी कार्य किया जाएगा, जिससे डीनापानी खेल मैदान को एक सुव्यवस्थित एवं आकर्षक खेल परिसर के रूप में विकसित किया जा सके।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्या, तहसीलदार ज्योति धपवाल, उप क्रीड़ाधिकारी अरुण बंग्याल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
