अल्मोड़ा : जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शुक्रवार को चौखुटिया एवं तड़ागताल क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण कर विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान तड़ागताल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर गंभीर मंथन किया गया।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि तड़ागताल को झील के रूप में विकसित करने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में भी ठोस पहल हो सकेगी।

जिलाधिकारी ने तड़ागताल में निर्माणाधीन सड़क का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान आबादी के बीच स्थित बिजली के खंभों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठी, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
भ्रमण के उपरांत जिलाधिकारी ने स्थानीय चाय स्टॉल पर ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसके बाद उन्होंने माता अगनेरी देवी मंदिर में दर्शन कर मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण कार्यों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।दौरे के दौरान चौखुटिया स्थित अगनेरी खेल मैदान और बाखली खेल मैदान का भी निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने एक खेल मैदान को सुविधायुक्त मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि खेल और पर्यटन सुविधाएं एक-दूसरे की पूरक हैं। इनके समन्वित विकास से युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सुनील कुमार, बीडीओ ममता कार्की, ब्लॉक प्रमुख चेतना नेगी सहित अन्य संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
