अल्मोड़ा जिले के जीआईसी भिकियासैंण में 22 फरवरी बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत आशा कार्यकर्ताओं के जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद अजय टम्टा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने उत्कृष्ट कार्यों के लिए ब्लाॅक समन्वयक, आशा फैसिलिटेटर और आशाओं को प्रशस्तिपत्र, प्रतीक चिह्न और चेक देकर सम्मानित किया। साथ ही उनका मानदेय बढ़ाने का आश्वासन दिया।

सांसद अजय टम्टा ने कहा-
आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ हैं। कोरोना के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना उन्होंने घर-घर जाकर लोगों को दवा बांट कर उनका डर दूर किया। रानीखेत विधायक डाॅ. प्रमोद नैनवाल ने कहा कि आशा कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं के लिए आशा की किरण है। गर्भवतियों का सुरक्षित प्रसव करवाकर उनके चेहरे पर मुस्कान लाने वाली आशा कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की। सल्ट विधायक महेश जीना ने कहा कि जिस मुस्तैदी से आशाएं अपने क्षेत्र में कार्य करती है, उसकी जितनी तारीफ करें कम है। सांसद और विधायकों ने आशाओं को उनका मानदेय बढ़ाने का आश्वासन दिया।
